भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान पर नगर निगम का 59 करोड़ का बकाया, नोटिस जारी
आईवीआरआई इज्जतनगर पर नगर निगम का 59.18 करोड़ रुपये से अधिक सेवा प्रभार बकाया सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम ने भुगतान के निर्देश जारी किए मार्च 2026 तक के सेवा प्रभार की गणना, संपत्ति पर निर्धारित की गई देय राशि आपत्ति होने पर दस्तावेजों के साथ प्रत्यावेदन देने का मौका समय से भुगतान न होने पर आगे की कार्रवाई के संकेत इज्जतनगर स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) पर नगर निगम का बड़ा बकाया सामने आया है। नगर निगम के टैक्स विभाग ने आईवीआरआई को नोटिस भेजा है। जिसमें संस्थान पर मार्च 2026 तक 59.18 करोड़ से अधिक का सेवा प्रभार देय बताया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का जिक्र करते हुए नगर निगम ने नोटिस जारी किया है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी का कहना है कि आईवीआरआई पर करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया बताया था। कई नोटिस के बाद भी आईवीआरआई की ओर से रकम जमा नहीं कराई गई। जिसके बाद दोनों पक्ष का मामला सुप्रीम कोर्ट चला गया, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला दिया है। नगर आयुक्त की ओर से आईवीआरआई के निदेशक को पत्र लिखकर चालू वित्त वर्ष के अंत तक बकाया कर जमा करने को कहा गया है। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि संस्थान को इस बिल या धनराशि के संबंध में कोई आपत्ति है तो वे साक्ष्यों के साथ अपना प्रत्यावेदन कार्यालय में जमा कर सकते हैं। समय रहते प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा भुगतान न करने की स्थिति में नगर निगम आगे की वैधानिक कार्रवाई कर सकता है।
