बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठे शिवालय, मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
महाशिवरात्रि पर्व शहर समेत पूरे जिले में उत्साह के साथ मनाया गया। प्रात: से ही शिवालयों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शिवालयों में हर-हर महादेव के जयकारों के बीच भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिरों के आसपास बेलपत्र, पुष्प, धतूरा, भांग और बेर बेचने वाले लोगों की दुकानें फुटपाथ पर सजी रहीं। रविवार की प्रात: से ही गौरीशंकर मंदिर में भक्तों की रौनक बढ़ने लगी। सुबह रूद्राभिषेक के बाद भक्तों के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। दिन चढ़ने के साथ ही यहां भीड़ बढ़ने लगी। देखते ही देखते मंदिर के मुख्य द्वार पर भक्तो की कतारें लगने लगीं। दूधिया मंदिर में भी शिव भक्तों में गजब का उत्साह देखने को मिला। स्टेशन रोड पर स्थित अर्द्ध नारीश्वर शिव मंदिर में भी पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा।
सड़क किनारे फुटपाथ पुष्प, बेलपत्र, धतूरा, भांग और बेर बेचने वालों की दुकानें गैस चौराहा तक सजी हुई थीं। दुकानों पर लोग चीजें पूजन के लिए खरीदते रहे। पुरानी सब्जी मंडी स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, दुग्धेश्वर महादेव मंदिर, बल्लभ नगर स्थित ओंकारेश्वर महादेव मंदिर, ब्रह्मचारी घाट स्थित मनकामेश्वर महादेव मंदिर, एलएच चीनी मिल कालोनी में कुंडेश्वर महादेव मंदिर, सुनगढ़ी थाना चौराहा के आसपास स्थित शिवालयों में भी जलाभिषेक करने के लिए तमाम भक्त पहुंचे। शहर की सड़कें और शिवालय पूरे दिन बम-बम भोले के जयघोष से गूंजती नजर आईं। जगह-जगह बड़े साउंड सिस्टम के साथ शिव भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरनपुर क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध मंदिर बाबा इकोत्तर नाथ में आसपास के गांवों के तमाम भक्त जलाभिषेक और पूजन करने पहुंचे। छोटे-बड़े सभी शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। कई मंदिरों के साथ ही अन्य स्थानों पर भक्तों को ठंडाई का प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर जिले भर के शिवालयों में पुलिस की मुस्तैदी नजर आई।
