Name of Applicant
June 10, 2026

NCR में ठंड और प्रदूषण का सितम, ग्रेटर नोएडा में छाया घना कोहरा, दृश्यता हुई शून्य

दिल्ली। NCR में वायु प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। अक्षरधाम क्षेत्र में धुंध की मोटी परत छाई हुई है, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, इस क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक 327 दर्ज किया गया है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। वहीं दूसरी तरफ ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता लगभग शून्य हो गई। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि वीकेंड पर इन क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। यह मौसमी बदलाव हिमालय में बन रहे एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है।  मौसम विभाग के अनुसार, 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच यह पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसके परिणामस्वरूप अगले तीन दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है। पिछले दो दिनों से दिल्ली में बादल छाए हुए हैं, और जल्द ही बारिश से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 31 जनवरी से 1 फरवरी तक बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आज शाम से हल्की बारिश शुरू होने की संभावना है, जबकि रविवार को रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। पिछले तीन दिनों से तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है, बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री था जो शुक्रवार को 7.7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। मौसम विभाग ने बताया है कि 31 जनवरी से 2 फरवरी तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस मौसमी बदलाव के कारण 2 फरवरी तक रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रह सकती है। मौसम विभाग द्वारा जारी येलो अलर्ट के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 20-22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6-8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

रविवार को अधिकतम तापमान 17-19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11-13 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। सोमवार, 2 फरवरी की सुबह भी हल्की बारिश हो सकती है। 3 फरवरी से मौसम के साफ होने की उम्मीद है। 2 फरवरी की रात से उत्तर पश्चिमी भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है। वहीं, 5 फरवरी को भी एक और पश्चिमी विक्षोभ के आने की आशंका जताई गई है। इस सीजन में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15 जनवरी को 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जनवरी माह के अंत तक कुल 25.1 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य 19.2 मिमी से अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

जागरण मोर्चा © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.